दुराचार का आरोपी तीन दिन की रिमांड पर
करसोग (मंडी)। नाबालिग के साथ दुराचार मामले में आरोपी को करसोग कोर्ट में पेश किया गया। यहां अदालत ने आरोपी को तीन दिन पुलिस रिमांड दिया है। पुलिस इस मामले से जुड़े हर एक पहलू पर पूछताछ करेगी। क्षेत्र की एक नाबालिग ने अपने परिजनों के साथ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि क्षेत्र के एक पिकअप चालक ने उसे फोन करके बुलाया। जब वह उससे मिलने गई तो उसने उसे जबरदस्ती अपनी गाड़ी में बिठा लिया और उसे एक निजी होटल में ले गया। इस होटल में उसने दो दिनों तक उससे दुराचार किया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था और उसे कोर्ट में पेश किया गया। थाना प्रभारी ओंकार नाथ ने रिमांड मिलने की पुष्टि की है।
हाईवे पर दो हादसों में दो लोग घायल
सुंदरनगर (मंडी)। रविवार आधी रात को यहां कंट्रोल गेट के निकट एक तेज रफ्तार टिपर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में टिपर चालक को मामूली चोटें आई हैं। वहीं, सोमवार दोपहर को जलाशय के किनारे एक बाइक की कार के साथ टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार घायल हो गया। दोनों हादसों में पुलिस में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।
भोजपुर में आज बंद रहेगी बिजली
सुंदरनगर (मंडी)। नौ जनवरी को विद्युत उपमंडल सुंदरनगर के भोजपुर अनुभाग के तहत आने वाले 400 केवीए ट्रांसफार्मर की आपातकालीन मरम्मत की जाएगी। सहायक अभियंता ई. चंद्रमणी शर्मा ने बताया कि इस कार्य के चलते भोजपुर बाजार और हाईवे पर बिजली की आपूर्ति सुबह 10 बजे से शाम तक बंद रहेगी।