अमर उजाला ब्यूरो
जोगिंद्रनगर (मंडी )। शहरी आपदा रक्षकों को तैयार करने को लेकर उपमंडल प्रशासन ने पहल कर दी है। नगर परिषद जोगिंद्रनगर को भी इस कवायद से जोड़ा गया है। शहरी आपदा रक्षकों को दो दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन जल्द किया जा रहा है। जिसके लिए इच्छुक 18 से 45 वर्ष के महिला और पुरुष अपने आधार कार्ड और दूरभाष नंबर सहित उपमंडल अधिकारी (ना.) जोगिंद्रनगर के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। यह खुलासा सोमवार को उपमंडल अधिकारी जोगिंद्रनगर एवं अध्यक्ष उपमंडलीय रेडक्रॉस यूनिट दीप्ति मंढोत्रा ने आयोजित बैठक में किया है। जिसमें जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव ओपी भाटिया सहित उपमंडल स्तर के अधिकारियों ने भाग लिया।
एसडीएम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक पहाड़ी राज्य होने के कारण यहां मानवकृत और प्राकृतिक आपदाओं का होना स्वाभाविक ही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में ज्यादातर देखा गया है कि भूकंप, बाढ़, बस दुर्घटना और आगजनी की घटनाएं आए दिन होती रहती हैं। इन घटनाओं के दृष्टिगत मंडी जिला प्रशासन, रेडक्रॉस सोसायटी राष्ट्रीय कार्यालय नई दिल्ली और जिला रेडक्रॉस सोसायटी मंडी के संयुक्त तत्वावधान में सोशल एमरजेंसी रिस्पांस वालंटियर (आपदा रक्षकों) का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में मानवकृत और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।