मंडी। भीमाकाली मंदिर परिसर भ्यूली में वीरवार को बाल मेले का शुभारंभ धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने किया। जिला स्तरीय बाल मेले में मंडी जिले के 25 शिक्षा खंडों के लगभग 1,000 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इसमें प्रत्येक खंड के 20 छात्र और 20 छात्राएं प्रतिभागी हैं। यह प्रतियोगिता तीन वर्गों में हो रही है। बाल मेला समन्वयक बलवीर सिंह राणा ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ मनोरंजन करना, स्कूल परिवेश से बाहर ले जाकर विभिन्न प्रकार की गतिविधियों एवं समृद्ध अनुभव प्रदान करना है।
बाल मेले में लयबद्ध अभिनय गीत, ड्राइंग एवं पेंटिंग, कहानी कथन, सुलेख प्रतियोगिता, विज्ञान प्रयोग एवं प्रदर्शन, सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, शिक्षण सहायक सामग्री प्रदर्शनी, रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता, विज्ञान परियोजना प्रदर्शनी, कविता वाचन आदि प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं। इसके अलावा एकल गान, नृत्य, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, समूह नृत्य, नाटक, एकल गान, नृत्य प्रतियोगिता, नाटक कठपुतली प्रदर्शन (पपेट शो) इत्यादि करवाए जा रहे हैं। संवाद