एक युवक शिमला की रहने वाली सीमा (परिवर्तित नाम) से बेहद प्यार करता था। वह उससे शादी करने को बेताब था लेकिन सीमा को यह मंजूर नहीं था। उसने कई बार युवक के शादी के प्रस्ताव को इंकार किया था। इससे परेशान युवक ने मंगलवार को उसके घर जाकर खुदकुशी कर ली।
पुलिस के मुताबिक सीमा अभी पढ़ाई कर रही है। मोबाइल पर उसकी युवक से बातचीत होती रहती थी। युवक सीमा से शादी करना चाहता था लेकिन वह लगातार इनकार करती रही। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे युवक छात्रा के घर पहुंचा। उस समय वह घर पर अकेली थी। परिजन काम से बाहर गए थे।
हमेशा की तरह उसने फिर सीमा से शादी की बात कही तो फिर उसने इंकार कर दिया। इस पर वह बेल्ट से खुद को नुकसान पहुंचाने लगा। उसके माथे से खून बहने लगा। शोर सुनकर पड़ोसियों ने फोन पर इसकी सूचना युवती के भाई को दी। उसने मौके पर आकर पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद गंभीर हालत में युवक को आईजीएमसी ले जाया गया, वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीएसपी सिटी प्रवीर ठाकुर ने कहा कि अब तक की जांच में सामने आया है कि लड़की के शादी से इनकार करने पर युवक ने जान दी है। मौके से मिले नशीले कैप्सूल और अन्य सामान कब्जे में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति साफ हो जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।