हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम एक विशेष पैकेज के तहत पड़ोसी राज्यों के पर्यटकों को राजसी ठाठबाठ का एहसास कराएगा। निगम ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के पर्यटकों को रिझाने के लिए एक खास पैकेज तैयार किया है। इसके तहत महज 10 हजार रुपये चुकाकर सैलानी चायल (सोलन) और नगर (कुल्लू) स्थित निगम के हेरिटेज होटलों में राजसी अनुभव ले सकते हैं।
यह ऑफर केवल 10 दिनों तक ही सीमित रहेगा और आवश्यक हुआ तो इसकी समय अवधि को बढ़ाया भी जा सकता है। ऑफर को 30 जनवरी से लागू किया जा रहा है, जिसका प्रमोशन पंजाब, हरियाणा, दिल्ली व चंडीगढ़ में किया जा रहा है।
पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक सुभाषीश पांडा के अनुसार इस पैकेज की विशेषता है कि इसमें पर्यटकों को चायल व नगर स्थित होटलों में 50 फीसदी कम दरों पर रुकने का मौका मिलेगा। पैकेज के तहत ठहरने वाले पर्यटकों को प्रति दिन के हिसाब से मात्र 10 हजार रुपये ही चार्ज किए जाएंगे।
महाराजा, महारानी या राजकुमारी सुइट जैसे कमरों में एक रात की कीमत 20 हजार तक है, वहीं पैकेज में इसकी दर को घटाकर 10 हजार तक कर दिया गया है। सुइट में ट्विन बेडरूम की सुविधा है, जिससे पर्यटक अपने परिवार के साथ भी समय व्यतीत कर सकते हैं।
प्रबंध निदेशक के अनुसार जनवरी में हुई बर्फबारी से बाहरी राज्यों से पर्यटकों का आना जारी है और निगम के होटलों में 40-50 फीसदी तक आक्यूपेंसी चल रही है। इस विशेष पैकेज का आनंद मध्यम बजट के पर्यटक भी ले सकते हैं।