जान जोखिम में डालकर सरवरी खड्ड में नहाते युवक। संवाद
कुल्लू। शहर से सटी सरवरी खड्ड में कुछ युवक जान जोखिम में डालकर नहाने उतर रहे हैं। बारिश के बाद नदी-नालों और खड्डों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। कई जगह पानी का बहाव भी तेज है। बावजूद युवक बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के खड्ड में छलांग लगाकर नहाते नजर आ रहे हैं। रविवार को लगघाटी की ओर से बहने वाली सरवरी खड्ड में कुछ युवक तेज बहाव के बीच नहाते दिखाई दिए। खड्ड में पानी का बहाव तेज होने के कारण किसी भी समय हादसा हो सकता है। युवाओं की छोटी सी लापरवाही भी जान पर भारी पड़ सकती है।
जिले में बीते दिनों हुई लगातार बारिश के बाद ब्यास नदी समेत अन्य नदी-नालों और खड्डों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। प्रशासन की ओर से भी लोगों को नदी-नालों और खड्डों के किनारे न जाने की हिदायत दी जा रही है। बावजूद युवक चेतावनियों को नजरअंदाज कर गर्मी से राहत पाने के लिए खड्ड में उतर रहे हैं। लोगों ने प्रशासन और पुलिस से संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और युवाओं को खड्ड में उतरने से रोकने की मांग की है। संवाद