लारजी (कुल्लू)। करीब एक सप्ताह से लापता युवक को सैंज पुलिस ने शनिवार को ढूंढ निकाला है। युवक लारजी-औट पुरानी सड़क पर औट पुल के समीप ब्यास नदी के किनारे फंसा हुआ पाया गया। युवक को देख कर लोगों ने इसकी सूचना सैंज पुलिस को दी। पुलिस की टीम स्थानीय निवासी राहुल और कमल नैन को साथ लेकर मौके पर पहुंची। पूछताछ में युवक ने अपना नाम थरवन कुमार उर्फ दिशू पुत्र देवी राम, निवासी गांव नग्गर छनारटी, जिला कुल्लू बताया। इसके बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित रेस्क्यू कर सड़क तक लाया।
उसके पिता देवी राम से संपर्क किया गया। वह अपने परिजनों सहित लारजी पहुंचे। पिता ने युवक की पहचान अपने बेटे के रूप में की। बताया कि वह पिछले आठ से नौ दिनों से बिना बताए घर से चला गया था। इसके बाद पुलिस ने युवक को परिजनों के हवाले किया। डीएसपी बंजार राज कुमार ने कहा कि सूचना के बाद युवक को ब्यास के किनारे से रेस्क्यू किया है। संवाद