कुल्लू। युवाओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। मेरा युवा भारत की ओर से जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता पांच नवंबर को राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में आयोजित होगी। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ रखा गया है।
जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि युवा संसद के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर अपने विचार रखने और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझने का अवसर मिलता है। प्रतियोगिता में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे।
उन्होंने जिले के पात्र युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करवाकर प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को शिमला के गेयटी थियेटर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर चयनित युवा नई दिल्ली स्थित संसद के केंद्रीय कक्ष में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। संवाद