भुंतर (कुल्लू)। भुंतर-गड़सा मार्ग पर चुटी बिहाली के पास बुधवार शाम करीब सात बजे स्कूटी और मोटरसाइकिल में टक्कर होने से एक युवक की मौत हो गई जबकि दो युवक घायल हुए हैं।
मृतक की पहचान स्कूटी चालक गगन जसवाल (28) निवासी भुंतर के रूप में हुई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार 25 फरवरी को भुंतर-गड़सा सड़क पर चुटी बिहाली में भुंतर की ओर आ रही स्कूटी और गड़सा की तरफ जा रहे मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई।
इस दौरान मोटरसाइकिल चालक राहुल निवासी गड़सा जिला कुल्लू और स्कूटी चालक गगन जसवाल (गिन्नी) निवासी भुंतर, तहसील भुंतर और पीछे बैठे मोहित निवासी वाथला, डाकघर हुरला, तहसील भुंतर को गंभीर चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार के लिए तेगूबेहड़ अस्पताल में लाया। यहां डॉक्टर ने गगन जसवाल (28) को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने अधिकार में लिया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसों के कारणों की जांच की।
मृतक गगन घर का इकलौता चिराग था। एक साल पहले मां का देहांत हो गया है। इससे पहले उसके पिता को लावारिस बैल ने हमला कर घायल किया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। बहन की शादी हो चुकी है, अब घर वीरान हो गया है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने कहा कि पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई अमल में ला रही है।