कुल्लू। ग्राम पंचायत सेउगी के झौल गांव में युवाओं ने सार्वजनिक रास्तों को संवारा है। रविवार को गांव की निकास नालियों का रखरखाव किया। महादेव युवा मंडल के सदस्यों ने गांव में स्वच्छता अभियान चलाया। इसमें सार्वजनिक रास्तों में प्राकृतिक रूप से उगी घास को हटाया। निकास नालियों में जमा मिट्टी और रेत-बजरी को भी साफ किया।
महादेव युवा मंडल के प्रधान निरत राम ने कहा कि इन दिनों फल सीजन चल रहा है। सार्वजनिक रास्तों में प्राकृतिक रूप से उगी घास के कारण फलों से भरे किल्टों के साथ आवाजाही करना दिक्कत भरा रहता है। इससे घास पर फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है। ऐसे में युवाओं ने मिलकर सार्वजनिक रास्तों से घास हटाया और निकास नालियों का रखरखाव भी किया। कहा कि सावन माह के उपलक्ष्य पर 31 जुलाई को गांव में खीर के भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। इस दौरान सुरेश, चंद्रसेन, कुलदीप, आलम चंद, रवि, रोबिन, सुनिल, राजेंद्र, वंश आदि उपस्थित रहे। संवाद