देवसदन कुल्लू में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से पैरा लीगल वॉलंटियर्स के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश और जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष पीपी रांटा ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पैरा लीगल वॉलंटियर्स आम लोगों तथा न्यायिक व्यवस्था के बीच एक कड़ी के रूप में कार्य करके सबको न्याय दिलाने और कानूनी जागरूकता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आम लोगों को न्याय दिलाने और उनमें कानूनी जागरूकता लाने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने एक बहुत सरल व्यवस्था लागू की है। इसमें पैरा लीगल वॉलंटियर्स की अहम भूमिका है। पंचायत स्तर पर तैनात ये वॉलंटियर्स जहां लोगों को जागरूक कर सकते हैं, वहीं इन्हीं के साथ नियुक्त किए गए रिटेनर वकीलों के माध्यम से वे लोगों की कानूनी मदद भी कर सकते हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश कंवर पवन जीत सिंह ने कहा कि बहुत से मामले लोक अदालतों और मध्यस्थता केंद्रों के माध्यम से भी निपटाए जा सकते हैं। अब महीने के हर दूसरे शनिवार को लोक अदालत लगाई जाती हैं। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कुल्लू अमन सूद ने बताया कि आम लोगों की सुविधा के लिए न्यायिक परिसरों में फ्रंट ऑफिस भी स्थापित किए गए हैं। वॉलंटियर्स कानूनी मदद के लिए आम लोगों को फ्रंट ऑफिस में ला सकते हैं। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी लाहौल-स्पीति गौरव महाजन ने भी मुफ्त कानूनी सहायता, महिलाओं तथा बच्चों के अधिकारों, मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम तथा कई अन्य अधिनियमों की जानकारी दी।