सर्दियों की आहट के साथ कुल्लू-मनाली की वादियों में लौटने लगी पर्यटकों की रौनक
पर्यटन नगरी मनाली और कसोल के होटलों में 50 फीसदी पहुंची ऑक्यूपेंसी
होटलों में बुकिंग पर 20 से 30 प्रतिशत तक छूट दे रहा पर्यटन विकास निगम
बलदेव राज
कुल्लू। सर्दियों की आहट के साथ पहाड़ों पर रौनक लौटने लगी है। मनाली और कसोल में वीकेंड के दौरान पर्यटकों की आवाजाही दोगुनी हो रही है। होटलों की ऑक्यूपेंसी 50 फीसदी तक पहुंच गई है। पर्यटन विकास निगम ने बुकिंग पर 20 से 30 प्रतिशत तक छूट देकर सैलानियों को और लुभाना शुरू कर दिया है।
सप्ताह के आम दिनों में होटलों में ऑक्यूपेंसी 30 से 40 तक फीसदी है। पर्यटकों को रिझाने के लिए पर्यटन विकास निगम कमरों की बुकिंग पर अब 20 से 30 फीसदी की छूट दे रहा है। आने वाले में भी इसी तरह की छूट मिलने की उम्मीद है। दिसंबर में पर्यटन कारोबार मनाली में गति पकड़ेगा। इस बीच, मनाली के होटल कारोबारी कई तरह के ऑफर पर्यटकों को देंगे। गौर रहे कि इस बार अक्तूबर में ही पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है। इसके बाद देशभर के पर्यटक बर्फ देखने के लिए कुल्लू-मनाली का रुख कर रहे हैं। हालांकि स्नो पॉइंट देखने के लिए उन्हें रोहतांग दर्रा और अटल टनल रोहतांग पार लाहौल की वादियों में जाना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने मौसम साफ रहने तक रोहतांग को पर्यटकों के लिए खुला रखा है। बहरहाल पर्यटन कारोबारियों को पहाड़ों पर सफेद चांदी बिछने का इंतजार है। इसके बाद मनाली और कुल्लू में पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार होंगे।
वीकेंड पर होटलों की ऑक्यूपेंसी बढ़कर 50 फीसदी तक हो गई है। बुकिंग पर 20 से 30 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा। - बीएस ओक्टा, उप महाप्रबंधक, हिमाचल पर्यटन विकास निगम
पर्यटन कारोबारियों को दिसंबर से उम्मीद
पर्यटन कारोबारियों को दिसंबर से उम्मीदें हैं। क्रिसमस और न्यू ईयर का जश्न मनाने के लिए देशभर से पर्यटक कुल्लू-मनाली की ठंडी वादियों का रुख करते हैं। मणिकर्ण वैली होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन ठाकुर का कहना है कि दिसंबर माह में पर्यटन कारोबार गति पकड़ेगा।