संवाद न्यूज एजेंसी
सैंज (कुल्लू)। कुल्लू-मनाली का रुख करने वाले सैलानी अब कश्मीर की तर्ज पर बंजार की लारजी झील में जल क्रीड़ा का लुत्फ उठा सकेंगे। इसके लिए पर्यटन विभाग ने कसरत तेज कर दी है।
सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 3.85 करोड़ के बजट का प्रावधान किया है। यह पर्यटकों के लिए नया पर्यटन स्थल होगा, जहां विभिन्न तरह की नौकाओं में घूमने के साथ मत्स्य आखेट का मजा भी ले सकेंगे। तीन किमी लंबी लारजी झील के किनारे नौका शेड, हट और कॉफी हाउस का निर्माण किया जा रहा है। प्रदेश में औद्योगिक विकास और आधारभूत संरचना को बल देते हुए सरकार ने कुल्लू जिला की लारजी झील को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का फैसला किया है। नई राहें, नई मंजिलें के तहत लारजी झील में प्राथमिकता के आधार पर जल क्रीड़ा के लिए प्लेटफार्म तैयार किया जा रहा है। यहां वाटर स्पोर्ट्स (जल खेल) शुरू होने से बंजार विस सहित पूरे जिले की पर्यटन गतिविधियों को बल मिलेगा। इससे जिले में पर्यटन विविधता बढ़ेगी। बंजार, कुल्लू, सराज और द्रंग विस क्षेत्र के सैकड़ों बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के द्वार भी खुलेंगे। हालांकि लारजी में जल विद्युत परियोजना के डैम पर बनी कृत्रिम झील में जल क्रीड़ा का ट्रायल सफल रहा है। बंजार और द्रंग विधानसभा क्षेत्र में परियोजनाओं और फोरलेन का काम सिमटने के बाद सैकड़ों युवा बेरोजगार हुए हैं। लारजी में जल क्रीड़ा शुरू होने से यहां रोजगार की संभावनाएं बढ़ गई हैं। लारजी पंचायत प्रधान गुड्डू राम, भूषण कुमार और मोहर सिंह ने कहा कि अब युवा घर द्वार रोजगार पा कर अच्छी आमदनी कर सकते हैं।
विदेशी मेहमान परिंदों को ठिकान लारजी झील
सर्दियों में लारजी झील विदेशी मेहमान परिंदों को ठिकाना है। परिंदे हर साल यहां आकर अठखेलियां करते हैं। यहां पर शीत ऋतु में हजारों किलोमीटर दूर साइबेरिया, रूस व कजाकिस्तान आदि देशों से परिंदे आते हैं। ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क की अरण्यपाल मीरा शर्मा ने बताया कि हर वर्ष विदेशों से सैकड़ों पक्षी आते हैं। इन विदेशी मेहमानों की सुरक्षा के लिए वन्य प्राणी विभाग ने विशेष प्रबंध किए हैं।
इन पर्यटन स्थलों में पर्यटन को मिलेगा बल
देस राज, गुलाब चंद, भाग सिंह, रमेश कुमार, सुनिल कुमार, धर्मेंद्र, नवल, दिनेश, लोक राज ने बताया कि लारजी में वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां शुरू हो रही हैं। इससे सैंज, बंजार, जिभी, तीर्थन, सौझा, रैला, गड़सा, नाउ, ओट आदि क्षेत्र के पर्यटन को बल मिलेगा। कुल्लू, मनाली और मणिकर्ण की ओर जाने वाले पर्यटक लारजी में नौका सैर का लुत्फ उठा सकेंगे।
सरकार की तरफ से मिली मंजूरी : शौरी
बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने बताया कि लारजी झील में पर्यटन गतिविधियां होंगी। आसपास के क्षेत्र में हट और काफी हॉउस से पर्यटक आकर्षित होंगे। सरकार की तरफ से मंजूरी मिल चुकी है। पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को रोजगार मिलेगा।