प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और विधिक सेवा प्राधिकरण ने चलाया सफाई अभियानसंवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य पर वीरवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और विधिक सेवा प्राधिकरण ने स्वच्छता अभियान चलाया। इसमें नगर परिषद मनाली, होटलियर एसोसिएशन और एडी हाइड्रो परियोजना के कर्मचारियों ने भी भाग लिया। इस दौरान वोल्वो बस स्टैंड में फैले कूड़े-कचरे को एकत्रित किया।
कूड़े को कूड़ा संयंत्र भेजा गया। साथ हो वोल्वो बस स्टैंड में चालकों और परिचालकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसके बाद सोलंगनाला में भी स्वच्छता अभियान चलाया। नगर परिषद के कर्मचारियों और विभिन्न संगठनों के स्वयंसेवियों ने सफाई की। विधिक सेवा प्राधिकरण कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति की सचिव आभा चौहान ने अभियान में मुख्य रूप से भाग लिया।
होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने बताया कि मनाली में काफी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। इससे यहां कूड़ा-कचरा भी बढ़ रहा है। स्थानीय पर्यटन कारोबारियों को समय-समय पर इस तरह के अभियान चलाने चाहिए। इस अवसर पर होटलियर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर, निहाल चंद ठाकुर, गौरव ठाकुर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी करुण भरमौरिया और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी भी मौजूद रहे। संवाद