4023 मतदाताओं की नगर परिषद मनाली में 2459 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सात वार्डों की नप मनाली में 61.12 प्रतिशत मतदान हुआ है। उम्मीद जताई जा रही थी कि भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर होने के चलते चुनाव की प्रतिशतता 70 से ऊपर जा सकती है।
लेकिन, शाम तीन बजे तक हुए मतदान में यह प्रतिशतता 61 में ही सिमट कर रह गई। नप मनाली के सात वार्ड में 4023 मतदाता हैं, जिनमें 2257 पुरुष और 1766 महिलाएं हैं। इनमें से 1397 पुरुष और 1062 महिलाओं ने वोट डाले। सुबह 11 बजे तक 28.41 प्रतिशत, जबकि एक बजे तक 51.77 मतदान हो चुका था। उम्मीद जाहिर की जा रही थी कि दोपहर बाद मतदान की गति तेज होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पर्यटन नगरी मनाली के लोगों ने ग्रामीणों के मुकाबले मतदान में कम उत्साह दिखाया। नगर परिषद मनाली के वार्ड एक में 288 पुरुष और महिलाएं 277 हैं। इनमें से 273 ने मतदान किया। वार्ड दो में मतदाताओं की संख्या 572 है। इनमें 322 पुरुष और 250 महिलाएं हैं।
यहां कुल 348 मतदाताओं ने वोट डाले। इनमें से 203 पुरुष और 145 महिलाओं ने वोट डाले। वार्ड तीन में 424 वोटर हैं। इनमें 288 पुरुष और 186 महिलाएं हैं। यहां 148 पुरुषों और 111 महिलाओं ने अपने मत का प्रयोग किया। वार्ड 4 में 792 वोटर हैं। इनमें 471 पुरुष और 321 महिलाएं शामिल हैं। इनमें 476 ने वोट डाले। वार्ड पांच में 576 मतदाताओं में 355 पुरुष और 221 महिलाएं हैं। इनमें से 402 ने वोट डाले। वार्ड छह में 530 मतदाता हैं। इनमें 290 पुरुष और 240 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से कुल 342 वोट पड़े, जिनमें 184 पुरुष और 158 महिलाओं ने वोट डाले। वार्ड 7 में 564 मतदाताओं में 293 पुरुष और 271 महिलाएं हैं। इनमें से कुल 359 मतदाताओं ने मतदान किया। एसडीएम मनाली ज्योति राणा ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने को सभी इंतजाम किए गए थे। उन्होंने बताया कि मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।