केलांग (लाहौल-स्पीति)। जिला लाहौल-स्पीति में सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा और निर्वाचन भागीदारी के तहत मतदाताओं की मतदान में सहभागिता सुनिश्चित करवाने के लिए कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में केलांग में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने मतदाता जागरूकता गीत के वीडियो का विमोचन किया जिसे लाहौली बोली में स्थानीय महिला कलाकारों ने गाया है। इस गाने के माध्यम से अब जिले के मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा। गीत के बोल...गेता वोट रंड्री योग यानी कि मैं भी वोट देने जाऊंगी। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिला लाहौल-स्पीति में इस बार लोकसभा और विधानसभा के उपचुनावों के दौरान जिले में 75 प्रतिशत से भी अधिक मतदान का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि एक जून को अधिक से अधिक मतदान करें और अपनी सहभागिता सुनिश्चित बनाते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी अहम भूमिका अदा करें। इसमें नए वोटरों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। राहुल कुमार ने यह भी बताया कि स्वीप गतिविधियों का उद्देश्य मतदाताओं को नैतिक मतदान के बारे में उपलब्ध विभिन्न ऑनलाइन और ऑफलाइन सुविधाओं के बारे में सूचित करना है। इस दौरान सहायक रिटर्निंग अधिकारी रजनीश शर्मा, सहायक आयुक्त संकल्प गौतम, स्वीप नोडल अधिकारी खुशविंद्र, प्रदीप और किशन हंस भी मौजूद रहे।