मनाली। नगर परिषद मनाली की पहली जनरल हाउस की बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, मालरोड प्रबंधन और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। वीरवार को हुई बैठक में स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को जागरूक करने के लिए मालरोड पर ऑटोमेटिक वॉयस मैसेज सिस्टम शुरू करने और सफाई संबंधी शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर जारी करने का फैसला लिया गया।
मालरोड पर स्वच्छता और जागरूकता संबंधी संदेश सुबह से देर रात तक प्रसारित किए जाएंगे। यह व्यवस्था मालरोड की एसओपी का हिस्सा होगी, जिससे पर्यटक और स्थानीय लोग शहर को स्वच्छ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। नगर परिषद जल्द ही एसओपी भी जारी करेगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विभिन्न विभागों को भेजे गए पत्रों पर होने वाली कार्रवाई की नियमित समीक्षा की जाएगी और उसकी प्रगति की जानकारी समय-समय पर साझा की जाएगी। स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सभी पार्षदों ने एकमत होकर नालों की सफाई एवं मरम्मत पर विशेष जोर दिया। जिन स्थानों पर जलशक्ति विभाग की पाइपलाइन के कारण सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है, वहां संयुक्त निरीक्षण कर समाधान निकालने और आवश्यकता पड़ने पर पाइपलाइन स्थानांतरित करने के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधीन सड़कों, फुटपाथों और ड्रेनों की मरम्मत के लिए विभाग को पत्र भेजा जाएगा। टेस्टी बाइट से जॉनसन तक फुटपाथ के निर्माण और मरम्मत के लिए संबंधित विभागों और वन्यजीव विभाग से भी आवश्यक पत्राचार किया जाएगा। नगर परिषद की अध्यक्ष चंद्रा प्रधान ने कहा कि उसका लक्ष्य मनाली को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और बेहतर सुविधाओं वाला पर्यटन नगर बनाना है। इसके लिए चरणबद्ध तरीके से अन्य महत्वपूर्ण कार्यों पर भी अमल किया जाएगा।