ग्रामीणों ने कहा, परियोजनाओं की लापरवाही से तलाड़ा पंचायत को हो रहा नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत तलाड़ा में पिन पार्वती नदी से नुकसान हो रहा है। नदी का बहाव पंचायत की ओर होने से लगातार कटाव हो रहा है। इससे करीब 20 घरों को खतरा बना हुआ है। पंचायत के क्षेत्र में बह रही नदी के किनारे सुरक्षा दीवार लगाने (तटीकरण) की ग्रामीण मांग कर रहे हैं, ताकि खतरे को कम किया जा सके। इसके लिए वीरवार को ग्राम पंचायत प्रधान सुभाष ठाकुर की अगुवाई में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त कुल्लू से मिला और उन्हें समस्या से अवगत करवाया। उपायुक्त को मांगपत्र भी सौंपा, जिसमें नदी किनारे सुरक्षा दीवार लगाने की मांग रखी गई है।
ग्राम पंचायत प्रधान सुभाष ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र में बनी पावर परियोजनाओं की लापरवाही के कारण पिछले वर्ष जुलाई में पिन पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ने से तलाड़ा पंचायत को नुकसान हुआ। कहा कि गांव सपांगणी, श्याउमा के सामने परियोजना की कॉलोनी बनाई गई है।
कॉलोनी की सुरक्षा के लिए कंकरीट की दीवार लगाई गई है, जिसके कारण बरसात में पिन पार्वती नदी का बहाव अब ग्राम पंचायत तलाड़ा की तरफ हो गया है। इससे सारी, तलाड़ा, सपांगणी, धारा, खनीनी, न्यूल, कठायईयर, दुराईडा आदि गांवों के लगभग 20 घरों में दरारें आई हैं। उन्होंने उपायुक्त से मांग उठाई कि दोनों परियोजनाओं को पंचायत क्षेत्र में नदी के किनारे सुरक्षा दीवार लगाने के आदेश जारी किए जाएं, ताकि पंचायत के गांव सुरक्षित रह सकें। संवाद