बंजार (कुल्लू)। ग्राहकों को सामान की खरीदारी के दौरान सही माप-तौल सुनिश्चित करवाने के लिए नापताैल विभाग ने बंजार क्षेत्र में छह दिवसीय सत्यापन अभियान चलाया। 17 से 22 नवंबर तक चले इस अभियान के दौरान विभाग की टीम ने लारजी, गुशैणी, जिभी और बंजार बाजार में दुकानदारों के माप-तौल उपकरणों की जांच की। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने वाले व्यापारियों के उपकरणों पर आगामी वर्ष के लिए विभागीय मोहर लगाई गई।
नापताैल विभाग की निरीक्षक सुनीता महंत ने बताया कि विभाग की ओर से प्रतिवर्ष दुकानदारों के माप-ताैल उपकरणों का सत्यापन किया जाता है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान लगभग सभी दुकानदारों ने अपने उपकरणों का सत्यापन करवाकर उन पर विभागीय मोहर लगवा ली है। जिन व्यापारियों के उपकरणों का सत्यापन शेष रह गया है, उन्हें कुल्लू पहुंचकर जांच करवाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने माप-तौल उपकरणों का निर्धारित समय पर सत्यापन करवाएं। संवाद