मरम्मत कार्य के चलते आठ घंटे बंद रहेगी अब आवाजाही
आपातकालीन वाहनों और एंबुलेंस को ही रहेगी जाने की छूट
सड़क पर सुबह सात से रात 10 बजे तक चल सकेंगे वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। धार्मिक और पर्यटन नगरी मणिकर्ण को जोड़ने वाली सड़क पर रात को वाहन नहीं दौड़ सकेंगे। रात 10:00 से सुबह 06:00 बजे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इसके लिए बाकायदा जिला प्रशासन ने अधिसूचना जारी कर दी है।
गौर रहे कि भुंतर-मणिकर्ण सड़क की बहाली का कार्य लोक निर्माण विभाग कर रहा है। सड़क पर कई जगहों पर बार-बार भूस्खलन होने से आने वाला मलबा परेशानी बना हुआ है। इससे बहाली का कार्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे में अब सड़क बहाली के कार्य को गति प्रदान करने के लिए रात के समय काम होगा। सुबह 07:00 से रात 10:00 बजे तक वाहन चल सकेंगे।
इसके लिए रात को भुंतर-मणिकर्ण सड़क आठ घंटे वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहेगी। आपातकालीन मरीजों के वाहनों और एंबुलेंस को छोड़कर किसी भी प्रकार के वाहनों को आवाजाही की अनुमति नहीं मिलेगी। उपमंडल अधिकारी कुल्लू निशांत ठाकुर ने कहा कि भुंतर- मणिकर्ण सड़क पर लगातार आ रहा मलबा परेशानी बना हुआ है। मलबा हटाने का काम बार-बार करना पड़ रहा है। इससे आमजन को यातायात में असुविधा हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रभावी रूप से इस कार्य को अंजाम देने के लिए तथा आमजन की सुरक्षा की दृष्टि से इस सड़क पर आगामी आदेशों तक रात 10:00 से सुबह 06:00 बजे तक यातायात बंद रहेगा, ताकि बहाली के कार्य को गति प्रदान की जा सके। उन्होंने अपील की है कि घाटी वासी, पर्यटक और श्रद्धालु समय सारिणी के अनुसार अपनी आवागमन संबंधी योजना बनाएं।