कुल्लू। जिले में एक सप्ताह के बाद शुक्रवार को बारिश हुई है। कुल्लू, भुंतर, मनाली और रोहतांग में बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है। शुक्रवार दोपहर करीब 1:00 बजे से लेकर 2:00 बजे तक बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। किसानों-बागवानों के चेहरे में खुशी आई है। कुल्लू में मानसून आने के बाद भी बारिश नहीं होने से किसान-बागवान चिंतित हो गए थे।
मौसम विज्ञान केंद्र ने दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में जिला प्रशासन ने भी पर्यटकों को नदी-नालों के साथ संवेदनशील इलाकों की तरफ न जाने की हिदायत दी है। प्रशासन ने नदी-नालों के तटों पर रहने वाले लोगों को बरसात की बारिश में सतर्क रहने के लिए कहा है।
एचआरटीसी ने भी अपने बस चालकों-परिचालकों को भी बसों को सुरक्षित स्थानों तक ही ले जाने के लिए कहा है। बागवान अमर सिंह, चुनी लाल, तेज सिंह, प्रकाश चंद तथा सुनील ने कहा कि सेब के लिए बारिश जरूरी है। इससे सेब का आकार बन पाएगा। एडीएम कुल्लू अश्वनी कुमार ने कहा कि बारिश को लेकर सैलानियों और जिलावासियों को अलर्ट जारी किया है। संवाद