संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू में जिला स्तरीय अंडर-14 मेजर गेम्स का रविवार को आगाज हो गया है। मेजर गेम्स में हैंडबाल, फुटबाल और बास्केटबाल प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। यह प्रतियोगिता छात्र और छात्रा वर्ग में आयोजित की जा रही है।
पहले दिन छात्र वर्ग की हैंडबाल प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिरढ़ ने राजकीय उच्च विद्यालय नजां, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र विद्यालय कुल्लू ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भुट्टी तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र विद्यालय कुल्लू ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिरढ़ को मात दी। इसी प्रकार छात्रा वर्ग में नजां ने शिरढ़, भुट्टी ने मनाली, छात्रा विद्यालय सुल्तानपुर ने भुट्टी और सुल्तानपुर ने नजां को हराया।
वहीं, छात्र वर्ग की फुटबाल प्रतियोगिता में छात्र विद्यालय कुल्लू ने मौहल और भुंतर ने बंजार को शिकस्त दी। छात्र और छात्रा वर्ग की बास्केटबाल प्रतियोगिता के भी रविवार को एक-एक मुकाबले खेले गए।
छात्र वर्ग में बंजार ने शिरढ़ तथा छात्रा वर्ग में हिडब ने कन्या विद्यालय सुल्तानपुर को मात दी। इस संबंध में शारीरिक शिक्षा अधिकारी किशोरी लाल ने कहा कि जिला स्तरीय अंडर-14 मेजर गेम्स जिला मुख्यालय कुल्लू में आयोजित की जा रही हैं। गेम्स में 108 छात्र और 52 छात्राएं दमखम दिखा रही हैं।