संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा के पेपर लीक मामले की कुल्लू पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अभी तक पुलिस ने 12 अभ्यर्थियों से पूछताछ की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुल्लू सागर चंद्र ने सबसे अधिक अंक लेने वाले कई युवक-युवतियों से बुधवार को भी सदर थाना कुल्लू में सवाल किए।
पुलिस ने जिला भर से करीब 20 से 25 अभ्यर्थियों को पूछताछ के लिए कुल्लू हेडक्वार्टर तलब किया है। शक के आधार पर अभ्यर्थियों को बुलाया। बताया जा रहा है इन लोगों से पेपर लीक मामले की जांच को लेकर गठित एसआईटी (विशेष जांच दल) भी पूछताछ कर सकती है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि पूछताछ शुरू कर दी है। अभी तक 12 अभ्यर्थियों को पूछताछ के लिए कुल्लू बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस की रडार पर जिले के 20 से अधिक अभ्यर्थी हैं। तीन दिन के भीतर सभी से पूछताछ की प्रक्रिया पूरी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले में अगर कोई दोषी होगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।