कुल्लू। रोहतांग टनल की प्रोजेक्ट साइट में एक ट्रक चालक 30 लीटर डीजल चोरी कर फरार होने से पहले पकड़ा गया। ट्रक चालक को रोहतांग टनल प्रोजेक्ट की सिक्योरिटी चेक पोस्ट ने दबोच लिया गया। आरोपी से चोरी किया डीजल भी बरामद कर लिया है। इसकी शिकायत सिक्योरिटी ऑफिसर ने पुलिस में की है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार धुंधी सोलंगनाला के प्रोजेक्ट ऑफिसर सुरजीत राणा ने शिकायत दर्ज करवाई कि परियोजना स्थल से ट्रक नंबर एचपी 65-6455 का चालक 30 लीटर डीजल चोरी कर फरार हो गया। लेकिन आरोपी चालक को रोहतांग सुरंग परियोजना के सुरक्षा चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। ट्रक से 30 लीटर डीजल बरामद किया गया है। इससे परियोजना प्रबंधन में हड़कंप मचा हुआ है। इस घटना में परियोजना के दूसरे लोगों के जुड़े होने के भी कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि यह सब पुलिस छानबीन के बाद ही पता चल पाएगा कि आरोपी चालक किसकी शह पर हेराफेरी कर रहा था। मामले की पुष्टि एसपी गौरव सिंह ने की। कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।