कुल्लू में शनिवार को शीतला मदिंर में लगा जाम।-संवाद
कुल्लू। जिला मुख्यालय में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के नाम पर किए जा रहे प्रयोग अब आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनने लगे हैं। शनिवार को अचानक ढालपुर चौक से कॉलेज गेट तक मालरोड पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। इसके बाद शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कुल्लू से भुंतर और भुंतर से कुल्लू आने-जाने वाले वाहनों को अस्पताल सड़क से गुजारने के कारण सरवरी से गांधीनगर तक लंबा जाम लग गया। हालात ऐसे रहे कि तीन किलोमीटर का सफर तय करने में भी लोगों को 30 से 40 मिनट लग गए।
हैरानी की बात यह है कि 34 दिनों तक बंद रहने के बाद मालरोड को महज दो दिन पहले ही वाहनों के लिए खोला गया था। लोगों ने राहत की सांस ली ही थी कि शनिवार को फिर रास्ता बंद कर दिया गया। यातायात प्लान में अचानक किए गए इस बदलाव का खामियाजा आम जनता, मरीजों, कर्मचारियों और बाहर से आने वाले यात्रियों को भुगतना पड़ा। जाम में वाहन रेंगते रहे और लोगों का कीमती समय सड़कों पर बर्बाद होता रहा।
यात्री सोमदेव, रामलाल, विनय कुमार, आकाश, राजू राम, निर्मला, रिया, अर्विका और मोनिका ने कहा कि शहर में बार-बार बदलती यातायात व्यवस्था ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तीन किलोमीटर का सफर तय करने में आधे घंटे से अधिक समय लगना लोगों की परेशानी बयां करता है। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए आखिर यातायात प्लान में अचानक बदलाव क्यों किया जाता है। उधर, एसपी कुल्लू अभिषेक एस ने कहा कि जाम से निपटने के लिए पुलिस की तैनाती की गई है।
बाजार की भीड़ और ट्रैफिक की मार
दशहरा और दिवाली के लिए सजी अस्थायी मार्केट में शनिवार को खरीदारों की भीड़ रही। माना जा रहा है कि बाजार में बढ़ती भीड़ के चलते मालरोड पर वाहनों की आवाजाही रोकी गई। हालांकि, इससे शहर की दूसरी सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। लोगों ने प्रशासन से बार-बार यातायात व्यवस्था में प्रयोग करने के बजाय स्थायी और व्यावहारिक ट्रैफिक प्लान लागू करने की मांग की है।
000