हाईवे-305 पर हो रही टारिंग के लग रहे जाम में फंसी निगम की बस। संवाद
कुल्लू। पर्यटन सीजन के यौवन पर आने से औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 पर जाम लग रहा है। सोमवार शाम को करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लगने से पर्यटकों और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कोटलाधार से घियागी तक लगे जाम के कारण कुल्लू से आनी और खौली व गाड़ागुशैणी की तरफ जाने वाली बसें भी फंसी रही। बताया जा रहा है कि हाईवे के किनारे पर्यटकों की ओर से वाहनों को बेतरतीब तरीके से पाक करने से जाम लग रहा है। दिन के समय टारिंग होने से वाहन रेंगते रहे, मगर शाम को लंबा जाम लगने से घाटी में सैर सपाटे के लिए आ रहे सैलानियों के साथ उपमंडल बंजार से अपने घर जा रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कारोबारी प्रेम सिंह, राजेंद्र, लीला चंद ने कहा कि पर्यटक अपने वाहनों को हाईवे पर हर कहीं पार्क कर रहे हैं। हाईवे पहले से ही तंग है और ऐसे में जाम लग रहा है। उन्होंने कहा कि सोमवार शाम को छह बजे कोटलाधार से घियागी तक जाम लगा रहा। उन्होंने कहा कि पुलिस नहीं होने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। उधर, जिभी वैली टूरिज्म डेवलपमेंट एसोसिएशन के सचिव ललित कुमार ने कहा कि घाटी आने वाले पर्यटक और चालक बीच हाईवे पर गाड़ियों को खड़ी न करें। उन्होंने कहा कि इस कारण एनएच पर जाम लग रहा है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने कहा कि पर्यटन सीजन के लिए होमगार्ड के जवानों को तैनात किया है। संवाद