जिला मुख्यालय से करीब पच्चीस किलोमीटर दूर नग्गर में मंगलवार देर शाम कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला। यहां पर मनाए गए गनेड़ उत्सव में अश्लील जुमलों से पूरा गांव गूंज उठा। इससे पहले जाणा फाटी तथा नग्गर फाटी के लोगों में गूण तोड़ने के लिए खूब कशमकश हुई। गूण तोड़ने के लिए दोनों फाटी के लोगों में दौड़ लगाई गई। दोनों जगह के लोगों ने गूण तोड़ने के लिए जी जान का जोर लगा दिया।
गनेड़ उत्सव का मुख्य आकर्षण जठियाली को जीरू धुन पर अश्लील जुमलों के साथ नग्गर कैसल तक पहुंचाना रहा। इस नजारे को देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। छनाल्टी गांव से जठियाली जो देवता का विशेष व्यक्ति होता है, उसके सिर पर सींग लगाए होते हैं। यही नहीं, उसे विशेष कपड़े भी पहनाए जाते हैं। जठियाली को मूसल पर बैठाकर गाजे बाजे के साथ देवता के हारियानों ने नग्गर कैसल के प्रांगण तक पहुंचाया। इसके बाद अश्लील गालियां भी दी गई। ऐसी मान्यता है कि इन गालियों का सुनना शुभ होता है।
इस अवसर पर नग्गर में भारी संख्या में लोगों की भीड़ लगी रही। जगती पट्ट स्थित मंदिर के पुजारी राकेश शर्मा ने कहा कि नग्गर में गनेड़ उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान सभी परंपराओं का निर्वहन किया गया। उन्होंने कहा कि जाणा तथा नग्गर फाटी के लोगों के बीच गूण तोड़ने को लेकर खूब कशमकश हुई। इस दौरान अश्लील जुमलों से पूरा गांव गूंज उठा। उत्सव का आनंद लेने के लिए न केवल ऊझी घाटी के लोग, बल्कि विदेशी पर्यटक भी यहां पहुंचे थे।