मनाली के बांहग में वीकेंड पर लगा पर्यटक वाहनों का जाम।-संवाद
सोलंगनाला। विश्व प्रसिद्ध सोलंग घाटी में पर्यटन सीजन अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। घाटी में पर्यटकों की संख्या धीरे-धीरे कम होने लगी है। पर्यटकों की संख्या घटने से एडवेंचर गतिविधियों, होटल व्यवसाय, टैक्सी ऑपरेटरों, रेस्टोरेंट संचालकों और स्थानीय व्यापारियों का कारोबार प्रभावित होने लगा है। कारोबारियों का कहना है कि ऑफ सीजन शुरू होने के साथ पर्यटकों की संख्या में और कमी आने की संभावना है। सप्ताहांत पर कुछ पर्यटकों के पहुंचने से कारोबार में हल्की राहत मिलने की उम्मीद बनी रहती है।
स्थानीय कारोबारी रमेश ने बताया कि सोलंग घाटी में अब पर्यटकों की आमद कम होने लगी है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार पर्यटन सीजन काफी लंबा चला। बीते साल इस समय तक मानसून सक्रिय हो गया था, जिससे पर्यटकों की संख्या में तेजी से गिरावट आ गई थी। इस वर्ष मौसम अनुकूल रहने के कारण पर्यटन गतिविधियां लंबे समय तक जारी रहीं और स्थानीय कारोबारियों को अच्छा लाभ मिला। उन्होंने कहा कि अब धीरे-धीरे ऑफ सीजन शुरू हो रहा है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और घट सकती है। संवाद