कुल्लू में तिरंगा यात्रा के दौरान हाथों में झंडा लेकर रैली निकालते भाजपा के कार्यकर्ता।-संवाद
पतलीकूहल (कुल्लू)। भाजपा मनाली एवं नग्गर मंडल के संयुक्त तत्वावधान में वीरवार को मनाली विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा कटराईं चौक से शुरू होकर पतलीकूहल बाजार तक पहुंची। इसमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारत माता की जय के नारे लगाए। इससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ जैसे राष्ट्रव्यापी अभियानों ने देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत किया है। हर हाथ में लहराता तिरंगा और हर दिल में देशभक्ति का जज्बा इसका जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम जनता से ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। संवाद