तलाशी के बाद ही मिल रहा मनुरंगशाला में प्रवेश
शरारती तत्वों पर एंटी गुंडा सेल से हो रही निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवल के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने की दृष्टि से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। मनुरंगशाला में जाने वाले दर्शकों की भीड़ में शरारती तत्व दाखिल न हो। इसके लिए कड़ी तलाशी ली जा रही है।
मुख्य द्वार पर तलाशी के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है। सीसीटीवी से भी कड़ी नजर रखी जा रही है। मनुरंगशाला में लड़ाई-झगड़े जैसी घटनाओं को रोकने के लिए इस बार सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर मशीन से जांच हो रही है। एंटी गुंडा सेल बनाकर विशेष निगरानी की जा रही है, जिन रास्तों से शरारती तत्व या नशेड़ी भीतर प्रवेश करते थे। वे रास्ते फेंसिंग लगाकर पहले ही बंद कर दिए गए हैं।
डीएसपी मनाली केडी शर्मा खुद नजर रखे हुए हैं। गौरतलब है कि विंटर कार्निवल के मद्देनजर मनाली में पुलिस की दो रिजर्व तैनात की गई है। इसके अलावा यातायात नियंत्रण के लिए भी जगह-जगह जवान तैनात किए गए हैं। उन्होंने सभी से अपील की है कि शांतिपूर्वक उत्सव का आनंद लें और यातायात नियमों का भी पालन करें।
चार सेक्टरों में बांटा है मनाली
कार्निवल में सुरक्षा की दृष्टि से मनाली को चार सेक्टरों में बांटा गया है। सेक्टर एक मनुरंगशाला (कलामंच) रामबाग मनाली को बनाया गया है। सेक्टर दो में मालरोड और इसके साथ लगते क्षेत्र मनु मार्केट, सियाली महादेव मार्केट, मिशन अस्पताल, डायमंड चौक और बस स्टैंड मनाली, सेक्टर तीन आईबैक्स चौक से पुलिस थाना मनाली और गोंपा रोड मनाली, सेक्टर चार में रामबाग चौक मनाली से परिधि गृह और ओल्ड मनाली का इलाका शामिल किया गया है।