पतलीकूहल में प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस के कार्यकर्ता। संवाद
विधायक भुवनेश्वर गौड़ पर की टिप्पणी को लेकर गुस्साए कांग्रेसी
पतलीकूहल चौक पर प्रदर्शन के दौरान आग के हवाले किया पूतला
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से मनाली दौरे के दौरान मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ पर टिप्पणी करने के विरोध में बुधवार को मनाली कांग्रेस ने पतलीकूहल चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का पुतला फूंका। पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर के खिलाफ भी नारेबाजी की।
गौर रहे कि दो दिन पहले मनाली में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा था कि विधायक भुवनेश्वर गौड़ दोपहर 12 बजे के बाद किसी से नहीं मिलते और गायब हो जाते हैं। उनके इस बयान को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखा गया।
बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता पतलीकूहल चौक पर एकत्र हुए और जयराम ठाकुर का पुतला लहराते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद पुतले को आग के हवाले कर दिया गया। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस की मुस्तैदी से यातायात को सुचारू रखने का प्रयास किया। इस प्रदर्शन में मनाली यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मनीष ठाकुर, जिला परिषद उपाध्यक्ष वीर सिंह ठाकुर, डोला, शंभू, रोहित, मंथन, सुनील कपूर, टेकचंद समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।