राज्य स्तरीय कैंप में 400 से अधिक रेंजर्स ने लिया हिस्सा
अनन्या, शगुन नेगी और चांद कुमारी ने हासिल की सफलता
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स हिमाचल प्रदेश की ओर से रेंजर्स के लिए आयोजित निपुण टेस्टिंग कैंप में कुल्लू के स्नोलैंड स्काउट्स एंड गाइड्स ओपन ग्रुप की तीन रेंजर्स ने निपुण टेस्ट पास किया है। अनन्या, शगुन नेगी और चांद कुमारी ने सफलतापूर्वक टेस्ट पास कर ग्रुप का नाम रोशन किया।
राज्य स्तरीय पांच दिवसीय निपुण टेस्टिंग कैंप का आयोजन 10 से 14 सितंबर तक स्टेट ट्रेनिंग सेंटर रिवालसर में किया गया। इसमें प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और ओपन यूनिट्स से 400 से अधिक रेंजर्स ने हिस्सा लिया। स्नोलैंड स्काउट्स एंड गाइड्स ओपन ग्रुप की ओर से अनन्या, शगुन नेगी और चांद कुमारी ने कैंप में भाग लिया।
पांच दिनों के दौरान रेंजर्स को निपुण पाठ्यक्रम के तहत विभिन्न सैद्धांतिक और प्रायोगिक गतिविधियों के साथ परीक्षणों से गुजरना पड़ा। कैंप में नॉट्स एवं लैशिंग, पायनियरिंग, कैंप क्राफ्ट, फर्स्ट एड, फायर सेफ्टी, रोड सेफ्टी, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सहित स्काउटिंग और गाइडिंग से जुड़े विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण और परीक्षण किया गया।