काजा-ग्रांफू मार्ग के प्रस्तावित नए मार्ग को लेकर जन प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक का आयोजन वीर?
- फोटो : Kullu
केलांग/रोहतांग/उदयपुर। चीन सीमा को जोड़ने वाले ग्रांफू-काजा-समदो मार्ग के प्रस्तावित नए मार्ग को लेकर प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया तेज हो गई है। वीरवार को स्पीति घाटी के जन प्रतिनिधियों के साथ एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक एडीएम मोहन दत्त शर्मा के नेतृत्व में हुई। इसमें सीमा सड़क संगठन ने ग्रेफ की ओर से किए समदो-काजा-ग्रांफू मार्ग के सर्वेक्षण को पेश किया। इसके तहत लरी बाईपास, ताबो बाईपास और क्यूलिंग, क्वांग से प्रस्तावित है। इन्हीं तीन बाईपास को लेकर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में चर्चा हुई। तीनों बाईपास पर बैठक में मौजूद सभी जन प्रतिनिधियों ने सहमति जताई। इसके बाद उन्होंने लिखित में बैठक की कार्यवाही में हस्ताक्षर भी किए हैं।
एडीएम मोहन दत्त शर्मा ने कहा कि प्रस्तावित समदो-काजा-ग्रांफू मार्ग पर जब ग्रेफ ने पहली बार सर्वेक्षण किया था तो तीन स्थानों पर स्थानीय लोगों आपत्ति थी। इसलिए बैठक रखी थी कि ग्रेफ ने अब फिर से सर्वेक्षण किया है, जिस पर सभी प्रतिनिधियों ने सहमति दी है। इसमें लरी, ताबो और क्यूलिंग क्वांग बाईपास शामिल है। बैठक में आम लोगों के साथ साथ पंचायत प्रधान, उपप्रधान, बीडीसी सदस्य चेयरमैन, जिला परिषद सदस्य, टीएसी सदस्य, बीआरओ के अधिकारी, लोनिवि के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद
--