पर्यटकों ने बर्फ के बीच की जमकर मस्ती
कैमरे और मोबाइल में कैद किए यादगार पल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। बर्फबारी के बाद मंगलवार को मौसम खुलते ही सभी प्रकार के वाहनों को अटल टनल होकर जाने की अनुमति मिल गई है। इसी के चलते सुबह से सैकड़ों पर्यटक अटल टनल से होकर नार्थ पोर्टल पहुंचे। इसके बाद यहां सिस्सु आदि पर्यटन स्थलों में बर्फ के बीच खूब अठखेलियां कीं।
हालांकि इससे पहले सोमवार को दोपहर तक केवल फोर बाई फोर वाहनों में ही सैलानी लाहौल की वादियों को निहार सके थे। मंगलवार को मौसम साफ होते ही सैकड़ों की संख्या में पर्यटकों ने नॉर्थ पोर्टल से गुफा होटल और यंद्राक तथा पागल नाला और सिस्सू की सैर की। बीते दिनों की बर्फबारी के बाद इन दिनों मनाली में काफी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। वीकेंड में भी रविवार को छुट्टी के दिन अटल टनल पार कर काफ़ी संख्या में सैलानी गुफा होटल और सिस्सू की ओर पहुंचे थे।
पर्यटन गतिविधियों पर रोक हटने के बाद अटल टनल के नोर्थ पोर्टल, सिस्सू, पागल नाला में पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। फिलहाल आम वाहनों की आवाजाही होने से पर्यटकों की भीड़ क्षेत्र में देखने को मिली। वहीं बीआरओ ने कोकसर तक सड़क से बर्फ हटाकर यातायात बहाल कर दिया है और कुछ दिनों में कोकसर में भी सैलानियों की भीड़ देखने को मिलेगी। जबकि इन दिनों सैलानी गुफा होटल और सिस्सू आदि क्षेत्रों में स्नो स्कूटर की सवारी का भी भरपूर आनंद ले रहे हैं।