कुल्लू के ढालपुर में बड़ी स्क्रीन पर आईपीएल मैच में फन पार्क में लिखाते अपनी मनपसंद टीम और खिल
ढालपुर में बनाए फैन पार्क में जोश के साथ लाइव प्रसारण देखने पहुंचे क्रिकेट प्रेमी
युवाओं ने अपने गाल, माथे पर लिखवाया था पसंदीदा क्रिकेटरों का नाम
बच्चों के साथ बुजर्गाें के भी सिर चढ़कर बोला क्रिकेट का जुनून
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। ढालपुर मैदान में बीसीसीआई ने फैन पार्क बनाया है। इसमें तीन आईपीएल मैचों का लाइव प्रसारण दिखाया गया। तीन मई को हुए पहले मैच के लाइव प्रसारण में बारिश का खलल रहा। रविवार को दो मुकाबलों में चौके-छक्कों का खेल प्रेमियों ने खूब आनंद लिया। फैन पार्क में क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ दो बजे ही जुटने लगी थी।
छोटे बच्चों में भारी उत्साह देखने को मिला। युवा क्रिकेट प्रेमियों ने अपने गाल और माथे पर पसंदीदा टीम और खिलाड़ी नाम लिखवाया था। युवतियों ने भी अपनी टीम और पसंदीदा खिलाड़ी के चौके-छक्के लगाने पर खूब तालियां और सीटियां बजाईं। निशुल्क प्रवेश के साथ अंदर अलग-अलग बाॅक्स बनाए गए थे। रविवार को पहला मैच दोपहर बाद 3:30 बजे कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया। इसका लाइव प्रसारण बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया। दूसरा मुकाबला शाम 7:30 बजे से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जाइंट्स के बीच हुआ। इसमें अधिकतर दर्शक पंजाब किंग्स का समर्थन करते नजर आए। क्रिकेट प्रेमी अभिमन्यु सिंह, रोहित सिंह, संजय कुमार, कपिल ठाकुर और दीवान सिंह ने कहा कि उन्होंने लाइव मैच की तरह का फैन पार्क में लाइव प्रसारण का आनंद उठाया। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष दानवेंद्र सिंह और महासचिव शिव कपूर ने कहा कि फैन पार्क में सैकड़ों क्रिकेट प्रेमियों ने तीन मैचों का लाइव प्रसारण देखा।