कुल्लू। परिवहन कर्मचारी महासंघ इंटक के पूर्व अध्यक्ष उमेश शर्मा ने निगम के चालक के निलंबन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के दौरान अधिकारियों ने चालक की सूझबूझ की सराहना करते हुए उसकी पीठ थपथपाई थी और सम्मानित करने की बात कही थी। अब हादसे के 12 दिन बाद चालक को निलंबित कर दिया गया।
उमेश शर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन के दिन ब्यासर सड़क पर बस का ब्रेक फेल होने के बावजूद चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस में सवार यात्रियों की जान बचाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जानकारी के अनुसार यही चालक मनाली में इलेक्ट्रिक बसों से जुड़े कथित घोटाले का मामला भी उठा चुका है और इसकी जांच की मांग कर चुका है।
रोहतांग के लिए संचालित इलेक्ट्रिक बस के मामले में भी निगम की ओर से करीब एक माह बाद चालक को नोटिस जारी किया गया था। ऐसे में मौजूदा कार्रवाई को लेकर संदेह पैदा होना स्वाभाविक है।उमेश शर्मा ने कहा कि तकनीकी जांच की रिपोर्ट कुछ दिनों में आ जाती है। ऐसे में हादसे के 12 दिन बाद चालक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने निगम प्रबंधन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और चालक के निलंबन की कार्रवाई पर पुनर्विचार करने की मांग की है। संवाद