मनाली (कुल्लू)। राष्ट्रस्तरीय विंटर कार्निवल में महिला मंडलों की महानाटी आकर्षण का केंद्र रहेगी। ब्यास के दोनों तटों राइट और लेफ्ट बैंक की महिला मंडलों के बीच यह मुकाबला होगा।
महानाटी में विजेता रहने वाली महिला मंडलों की टीमों को एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। उपविजेता को 50,000 रुपये का नगद पुरस्कार मिलेगा। कार्निवल आयोजन समिति ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
शुक्रवार को एसडीएम की अध्यक्षता में सांस्कृतिक उप समिति की बैठक हुई। इसमें महानाटी के आयोजन की समीक्षा की गई। कार्निवल की सांस्कृतिक उप समिति के प्रभारी बालक राम, हंस राज शर्मा, मीरा शर्मा, जया ठाकुर मौजूद रहे।
मनाली में दो से छह जनवरी तक विंटर कार्निवल आयोजित किया जाएगा। कार्निवल में तीन और पांच जनवरी को प्रतियोगिता का आयोजन होगा। रिहर्सल के तौर पर क्रिसमस के दिन लेफ्ट बैंक की महिलाएं महानाटी प्रस्तुत करेंगी जबकि नववर्ष की संध्या में राइट बैंक की महिलाएं नाटी डालेंगी।
लगभग 250 महिला मंडलों की 2,000 से अधिक महिलाएं महानाटी में भाग लेंगी। कार्निवल कमेटी के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम मनाली रमन कुमार शर्मा ने बताया कि कार्निवल की तैयारी जोर शोर से चल रही है। पर्यटकों के मनोरंजन के लिए तंबोला लग गया है। दो से छह जनवरी तक आयोजित होने जा रहे कार्निवल का मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू शुभारंभ करेंगे। संवाद