कुल्लू के लघु सचिवालय भवन की दीवार में उगी झाड़ियां। संवाद
उखड़ रहा सीमेंट, दीवारों पर भी सीलन, खिड़कियां और दरवाजे भी हो चुके हैं खराब
धरातल मंजिल में दीवारों की हालत खराब, डीसी के आदेशों के बाद भी सुधार नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के मिनी सचिवालय की हालत दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है। भवन की दीवारों पर उगी झाड़ियां और शौचालयों से हो रहे पानी के रिसाव ने इसके आधार को कमजोर कर दिया है।
उपायुक्त तोरुल एस रवीश के निरीक्षण और साफ-सफाई के आदेशों के बाद भी भवन की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। अधिकारियों-कर्मचारियों के स्वच्छता अभियान भी कुछ ही दिनों में खत्म हो गए जिससे साफ-सफाई की कमी और लापरवाही साफ नजर आ रही है।
इसी इमारत में सरकारी विभागों के मुख्य कार्यालय हैं। यहां अलग-अलग विभागों के प्रमुख बैठते हैं। भवन की दीवारों पर झाड़ियां उगी हैं। शौचालयों से दीवारों में पानी रिसाव हो रहा है। शौचालयों से पानी का रिसाव होने से खिड़कियां और दरवाजे खराब हो चुके हैं। धरातल मंजिल में दीवारों की हालत खराब है। सीमेंट उखड़ रहा है। दीवारों पर सीलन है।
पिछले हिस्से में बड़ी-बड़ी झाड़ियां देखकर यह भवन खंडहर दिखाई दे रहा है। आलम यह है कि दीवारों पर उगी झाड़ियां भवन के रख रखाव की गंभीरता को दर्शा रही हैं। भवन के पीछे फिर से कचरे को फेंकने की शुरुआत लापरवाह प्रबंधन का परिचय दे रही है।
डीसी ने दिए थे सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के आदेशउपायुक्त तोरुल एस रवीश ने भवन का निरीक्षण कर आदेश दिए हैं कि शौचालयों का उचित रखरखाव किया जाए। साथ में सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाए। इतना ही नहीं, मिनी सचिवालय में मौजूद कार्यालयों में अपना कामकाज निपटाने के लिए आने वाले आम लोगों के लिए भी शौचालय का निर्माण किया जाए जिससे लोगों को साफ सुथरी व्यवस्था मिल सके।