कुल्लू स्कूल में एनएसएस शिविर में रंगकर्मी केहर ने किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। रंगमंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त करने और व्यक्तित्व को निखारने का भी सशक्त जरिया है। अभिनय और कला के माध्यम से आत्मविश्वास, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति की क्षमता को विकसित किया जा सकता है। इसी महत्व से शहीद बालकृष्ण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुल्लू में एनएसएस शिविर के स्वयंसेवियों को रूबरू करवाया गया। सात दिवसीय शिविर में रविवार को प्रसिद्ध रंगकर्मी केहर सिंह ठाकुर स्रोत व्यक्ति के रूप में शामिल हुए। उन्होंने स्वयंसेवियों को जीवन में कला और रंगमंच के महत्व की जानकारी दी। साथ ही रंगमंच से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए व्यक्तित्व विकास में कला की भूमिका पर प्रकाश डाला।
रविवार को शिविर की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। स्वयंसेवियों ने अपर ढालपुर से भारत भारती और ओएलएस मार्ग होते हुए विद्यालय परिसर तक प्रभात फेरी निकाली। इसके बाद योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सभी स्वयंसेवियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। शैक्षणिक सत्र के बाद स्वयंसेवियों ने परेड का अभ्यास किया। शाम को आरती के बाद सांस्कृतिक सत्र आयोजित किया गया। इसमें स्वयंसेवियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों से समां बांधा। प्रधानाचार्य नीलम कपूर सूद ने स्वयंसेवियों को एनएसएस के महत्व और इसकी गतिविधियों के बारे में बताया। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी मंजू आनंद और डॉ. धीरज शर्मा भी उपस्थित रहे। संवाद