खेलों के साथ देव संस्कृति व नाटी का होगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। रघुपुर घाटी की बिशलाधार पंचायत में वीरवार को शौंचा मेला शुरू हो गया है। देवता व्यास ऋषि और देवता बिशलू नाग से आगमन से मेला शुरू हुआ है। तीन दिवसीय मेले में लोगों के लिए रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति देखने को मिलेगी। महिला मंडलों की नाटी के साथ स्कूली बच्चे भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
सामूहिक नाटी भी मेले में आए लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। वीरवार को बिशलाधार पंचायत के डिगेढ़ में देवता व्यास ऋषि और बिशलू नाग का देवनृत्य हुआ। इसके बाद सुबह से लेकर शाम तक देवताओं के दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ मेले में वॉलीबाल प्रतियोगिता भी हो रही है।
बिशलाधार पंचायत के प्रधान दुनी चंद ठाकुर ने कहा कि मेले में बिशलाधार के साथ कोटासेरी, टकरासी और मुहान पंचायत सहित रघुपुर घाटी के लोग भाग लेते है। उन्होंने कहा कि शौंचा एक पारंपरिक मेला है और इसे हर साल सावन माह में आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि मेले का आयोजन स्थानीय लोगों के सहयोग से किया जा रहा है। संवाद