मनाली के भजोगी में शातिरों ने दिया वारदात को अंजाम
पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। पर्यटन नगरी के भजोगी में किराये के कमरे में शातिरों ने ताला तोड़कर लाखों के सोने-चांदी के आभूषणों सहित दो लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि चोरी की वारदात को किसने अंजाम दिया। इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है।
पुलिस को दी शिकायत में मीना ठाकुर ने कहा कि वह किसी काम से चचोगा गई थीं। वापस कमरे में आईं तो ताला टूटा था। सामान भी बिखरा था। शातिर कमरे से दो लाख रुपये नकद, एक सोने का मंगलसूत्र, सोने की चेन, सोने की अंगूठी, एक जोड़ी झुमके, सिंगी, लॉकेट, चाक, एक जोड़ी टॉप्स जबकि चांदी का चंद्रहार, चांदी की तीन लड़ी वाली बूमणी, 13 चूड़ियां, तीन जोड़ी पायल एक चांदी की कटोरी लेकर फरार हो गए हैं। कमरे से 11 तोले सोना, 650 ग्राम चांदी और दो लाख नगदी मिलाकर लगभग 13. 75 लाख की चोरी हुई है।
चोरी की घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। गौर रहे कि जून से लेकर अब तक जिले में कई जगह चोरी की घटनाएं हुई हैं। लगातार बढ़ रहीं वारदातों को लेकर लोग चिंतित हैं। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि चोरी की घटना को अंजाम देने वालों का पुलिस पता लगाने में जुट गई है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी देखा जा रहा है। जल्द ही वारदात को अंजाम देने वाले शातिर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।