पुल के कायाकल्प का काम शुरू, एनएचपीसी ने पीडब्ल्यूडी को सौंपा जिम्मा
पुल की मरम्मत होने से गड़सा, दियार और सचाणी क्षेत्र के लोगों को होगा लाभ
राजीव नैय्यर
कुल्लू। जिला कुल्लू और मंडी की सीमा बजौरा में भुंतर-बजौरा-गड़सा सड़क पर डबललेन पुल का कायाकल्प किया जाएगा। पुल के टॉप बेरिंग कोट और एक्सपेंशन ज्वाइंट को बदला जाएगा।
इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने कार्य शुरू कर दिया है। पुल की मरम्मत होने से गड़सा, दियार और सचाणी क्षेत्रों की हजारों की आबादी को लाभ होगा। खस्ताहाल पुल के कारण सड़क दुर्घटना होने की संभावना भी खत्म होगी।
गौर रहे कि भुंतर-बजौरा-गड़सा सड़क पर बजौरा में स्थापित डबललेन पुल पुराना हो चुका है। ऐसे में कोई हादसा न हो, इसके लिए एनएचपीसी और लोक निर्माण पुल का कायाकल्प कर रहे हैं। डबललेन बजौरा पुल एनएचपीसी के अधीन है, लेकिन एनएचपीसी ने इस पुल के कायाकल्प का जिम्मा लोक निर्माण विभाग को सौंपा है। इस कार्य के लिए 70 लाख का बजट भी जारी कर दिया है। लोक निर्माण विभाग ने भी पुल को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया है। हालांकि, इन दिनों पुल को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रखा गया है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता पंकज ठाकुर ने कहा कि डबललेन बजौरा पुल का कायाकल्प किया जा रहा है। पुल पर टॉप बेरिंग कोट होना है। इसके अलावा इसके एक्सपेंशन ज्वाइंट को भी बदला जाएगा। इस कार्य के लिए एनएचपीसी ने लोक निर्माण विभाग को बजट जारी कर दिया है। कहा कि जल्द ही पुल के कायाकल्प का काम पूरा कर दिया जाएगा। संवाद
पुल बंद होने से करना पड़ रहा अतिरिक्त सफर
गड़सा, मणिकर्ण, दियार और सचाणी की ओर जाने वाली बसों के साथ बड़े और छोटे वाहनों को डबललेन बजौरा पुल बंद होने से अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है। वाहनों को कीरतपुर-मनाली हाईवे पर बने फ्लाईओवर से जाना पड़ रहा है। इसमें वाहनों को अतिरिक्त दो से तीन किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है। इस कारण सवारियों को परेशान होना पड़ रहा है।