अखाड़ा बाजार कुल्लू में पहाड़ी से 50 मीटर हिस्सा गिरने से चपेट में आए दस लोग
गुरुद्वारे और पड़ोसियों के घरों में ली लोगों ने शरण, एक की मौत, चार किए हैं रेस्क्यू
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। अखाड़ा बाजार में पहाड़ी जैसे सांसें रोककर गिर रही हो, मलबे में दबे घर, चीखते लोग और गुरुद्वारे में पनाह लेते परिवार...। पिछले 48 घंटों में जिंदगी ने यहां अपना रास्ता बदल लिया है। तीन घर जमींदोज हो गए हैं।
दो और खतरे की जद में हैं। प्रशासन ने रातोंरात 30 मकान खाली करवा दिए हैं। पत्थर अब भी गिर रहे हैं। रेस्क्यू दल जमीन को कुरेद रहा है। सुल्तानपुर, लोरन और चामुंडानगर भी इस पहाड़ी सन्नाटे से कांप उठे हैं।
प्रशासन ने पहाड़ी से सटे 30 घर खाली करवा दिए हैं। इन घरों में रहने वाले लोगों ने पड़ोसियों के घर और गुरुद्वारा में शरण ली है। वीरवार सुबह भी करीब पहाड़ी का 50 मीटर हिस्सा गिर गया और मकान के भीतर 10 लोग चपेट में आ गए। इनमें अब तक चार लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। इनमें एक की मौत हो चुकी है। एक गंभीर रूप से घायल है। उसे उपचार के लिए रेफर किया है। अन्य का उपचार चल रहा है। इसके अलावा छह लोग अभी मलबे के नीचे दबे हैं। इन्हें निकालने का काम सुबह से जारी है।
अभी भी मलबे में दबे हैं एनडीआरएफ जवान और मजदूर
बीते बुधवार को भी इस जगह से कुछ दूरी पर भूस्खलन हुआ था। इसमें एनडीआरएफ के एक जवान और एक कश्मीरी मजदूर दबे हैं। इन्हें अभी मलबे से नहीं निकाला जा सका है। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे हैं। इस कारण रेस्क्यू अभियान सुबह से रोक दिया है। रेस्क्यू दल वीरवार सुबह हुए भूस्खलन की जगह से मलबा हटाने में जुटा है। तहसीलदार हरि सिंह यादव ने कहा कि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जिन मकानों को खतरा बना हुआ है, वहां से लोगों को सुरिक्षत निकाल लिया है।
शहर में अब तक खाली करवाए 41 घर
अखाड़ा बाजार में 30 घर खाली करवाने के साथ सुल्तानपुर में 6 से अधिक घर खाली करवाए गए हैं। इसके अलावा लोरन में भी भूस्खलन होने के कारण पांच मकान खाली करवाए गए हैं। अब तक कुल्लू शहर में 41 घरों को खाली करवाया गया है।
अखाड़ा बाजार में लगातार भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। इसे देखते हुए घरों को खाली करवा दिया है। मकान मालिक और किराएदारों को गुरुद्वारा में रहने को कहा है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अखाड़ा बाजार के साथ सुल्तानपुर और लोरन में भी घर खाली करवाए हैं।
- निशांत कुमार, एसडीएम कुल्लू