हरिपुर/नग्गर (कुल्लू)। जिले में पिछले कई दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। वहीं, ऐतिहासिक गांव नग्गर से ग्राम पंचायत रूमसू की ओर जाने वाली सड़क का डंगा गिर गया है। इससे बड़े वाहनों की आवाजाही ठप है और छोटे वाहन निकल रहे हैं। डंगा गिरने से नग्गर कैसल भवन और सड़क के किनारे दोनों ओर बसे रिहायशी क्षेत्रों को खतरा बना हुआ है।
हालांकि, जिस स्थान पर सड़क का डंगा गिरा है, वहां दोबारा भूस्खलन होने से चार ग्राम पंचायतों का कुल्लू-मनाली वाया नग्गर सड़क से संपर्क कट जाएगा। ग्राम पंचायत रूमसू, नथान, जाणा और नग्गर का कुछ गांव सड़क बंद होने से प्रभावित हो गया है। ग्राम पंचायत नग्गर के वार्ड सदस्य सुरेश ने बताया कि जैसे ही नग्गर कैसल के समीप सड़क डंगा गिरा, वहां पर मौजूद लोगों ने सीटियां बजा कर नीचे ग्रामीणों को सचेत किया। समय रहते ग्रामीण अपने घरों से बाहर की ओर भागे। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है लेकिन सड़क के दोनों ओर स्थित घरों और कैसल को भूस्खलन होने से खतरा बना हुआ है।