भूस्खलन की चपेट में आने से गंवाई थी जान
दो लोगों की तलाश का कार्य युद्धस्तर पर जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय के इनर अखाड़ा बाजार क्षेत्र में हाल ही में हुए भूस्खलन हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों के पार्थिव शरीर श्रीनगर पहुंचा दिए हैं।
उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने बताया कि शव शुक्रवार देर रात सड़क से कुल्लू से चंडीगढ़ भेजे गए थे। वहां से शनिवार सुबह 05:30 बजे हवाई मार्ग से इन्हें श्रीनगर भेजा गया।
उन्होंने बताया कि अब्दुल रशीद, पुत्र मोहम्मद जमाल शेख, निवासी गांव किचपारा, तहसील कंगन, जिला गांदरबल, सजाद अहमद वाणी, पुत्र अब्दुल अहमद वाणी, निवासी गांव गुंडआरी, तहसील कंगन, जिला गांदरबल और मेहराजद्दीन लोन, पुत्र मोहम्मद शब्बीर लोन, निवासी गांव गुंडआरी, तहसील कंगन, जिला बांदीपोरा, जम्मू-कश्मीर के पार्थिव शरीर सुबह 07:30 बजे श्रीनगर एयरपोर्ट पहुंचाए गए हैं। उपायुक्त ने बताया कि तीन और चार सितंबर को अलग-अलग स्थान पर भूस्खलन की घटनाओं में कुल आठ लोग मलबे में दब गए थे। इनमें छह लोगों के शव अब तक निकाले जा चुके हैं जबकि शेष दो लोगों की तलाश का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन, एनडीआरएफ, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।