कुल्लू। कुल्लू-मनाली हवाई अड्डा भुंतर से संबंधित द्विमासिक बैठक शनिवार को हुई। इसमें हवाई अड्डे की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक आयुक्त जयबंती ठाकुर ने की। बैठक में बताया गया कि हवाई अड्डे की सुरक्षा और संभावित खतरों से बचाव के लिए एयरपोर्ट के 10 किलोमीटर के दायरे में पक्षी गतिविधियों को नियंत्रित करना आवश्यक है। एयरपोर्ट एनवायरनमेंट कमेटी के अंतर्गत प्रावधानों को लागू करते हुए यह भी कहा गया कि कूड़ा-कचरा पक्षियों को आकर्षित करता है, इसलिए नियमित और प्रभावी स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
बैठक में यह भी मुद्दा उठाया गया कि शाढ़ाबाई क्षेत्र में प्रवासियों की ओर से झुग्गियां बनाकर ब्यास नदी में प्रदूषण फैलाया जा रहा है। इस पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं छोटा भूईन क्षेत्र में हवाई अड्डे के समानांतर सड़क किनारे ब्यास नदी में कूड़ा फेंके जाने की समस्या पर भी चर्चा हुई, जिसके समाधान के लिए फेंसिंग लगाने की आवश्यकता जताई गई।
इसके अलावा एपीएमसी भुंतर की ओर से सब्जी मंडी में स्थापित वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को शीघ्र क्रियाशील करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। सहायक आयुक्त जयबंती ठाकुर ने सभी प्रमुख मुद्दों पर हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश जारी किए। संवाद