मांग... आठ प्रतिशत की पिछली देय महंगाई भत्ते जारी करे सरकार
ढालपुर में एक निजी होटल में हुए प्रदेश पेंशनभोगी संघ के चुनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। प्रदेश पेंशनभोगी संघ की कुल्लू शहरी इकाई के त्रैवार्षिक चुनाव पीठासीन अधिकारी एवं प्रदेशाध्यक्ष एलआर गुलशन की अध्यक्षता में हुए। पर्यवेक्षक जिला अध्यक्ष दयाल सिंह ठाकुर एवं प्रदेश उपाध्यक्ष खुशहाल चंद नेगी की देखरेख में चुनाव की प्रक्रिया पूरा की गई।
इसमें तेज सिंह ठाकुर अध्यक्ष, खेम सिंह हांडा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रेमचंद वर्मा महासचिव, प्रेमनाथ शर्मा उपाध्यक्ष, रूबी जम्वाल, आभा वर्मा उपाध्यक्ष (महिला विंग), बालक राम कोषाध्यक्ष, संतोष जम्वाल संगठन सचिव, लौहलू राम प्रेस सचिव और रूम सिंह नेगी मुख्य सलाहकार चुने गए।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को पीठासीन अधिकारी एलआर गुलशन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष तेज सिंह ठाकुर और महासचिव प्रेमचंद वर्मा ने कहा कि पेंशनरों के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। मांगों को सरकार और जिला प्रशासन से उठाने का भरसक प्रयास करेंगे। इस दौरान जिला कुल्लू पेंशन भोगी संघ की जिला कार्यकारिणी की बैठक जिला अध्यक्ष दयाल सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। इसमें प्रदेशाध्यक्ष एलआर गुलशन मुख्यातिथि थे। बैठक में पेंशनरों की समस्याओं पर चर्चा की गई। गुलशन ने बताया कि जनवरी 2016 से दिसंबर 2021 तक सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के संशोधित वेतनमान के एरियर का भुगतान सरकार को एकमुश्त करना चाहिए। चरणबद्ध ढंग से एरियर का भुगतान पेंशनरों को मंजूर नहीं है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि 4-4 प्रतिशत की कुल 8 प्रतिशत की पिछली देय महंगाई भत्ते की लंबित दो किस्तें शीघ्र जारी की जाएं।