निजी वाहनों का टैक्सी के रूप में प्रयोग बंद नहीं किया तो आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। पर्यटन नगरी के पर्यटन स्थलों में निजी वाहनों को टैक्सी के रूप में प्रयोग करने पर हिमआंचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन तल्ख हो गई है।
यूनियन ने शुक्रवार पुलिस थाना मनाली और डीएसपी से निजी वाहनों को पर्यटको को सैर करवाने के लिए इस्तेमाल करने पर रोक लगाने की मांग की है। इस पर रोक नहीं लगी तो यूनियन अपनी सेवाएं बंद कर देगी।
यूनियन के प्रधान राजकमल राजा ने कहा कि निजी वाहनों में पर्यटकों को विभिन्न पर्यटन स्थलों तक पहुंचाया जा रहा है। इससे टैक्सी ऑपरेटरों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ कैंपर भी टैक्सी के रूप में प्रयोग किए जा रहे हैं। इसके बारे में भी आरटीओ स्थिति स्पष्ट करें कि कैंपर टैक्सी के रूप में चल सकते है या नहीं। निजी वाहनों का प्रयोग बंद नहीं किया गया तो यूनियन अपनी सेवाएं बंद कर देगी और कड़ा आंदोलन छेड़ेगी।