परमिट अवधि बढ़ाने की लड़ाई लड़कर लौटे टैक्सी यूनियन के पदाधिकारीमनाली पहुंचने पर चेयरमैन राम
- फोटो : नगर निगम
मनाली। टैक्सी परमिट की अवधि 12 साल से बढ़ाकर 15 साल करवाने की मांग को लेकर केंद्र तक संघर्ष करने के बाद लौटे टैक्सी मैक्सी यूनियन मनाली के चेयरमैन राम रतन शर्मा, अध्यक्ष अभि ठाकुर और सामाजिक कार्यकर्ता बलदेव ठाकुर उर्फ बंटी सराजी का मनाली पहुंचने पर स्वागत किया गया। परमिट अवधि बढ़ाने की मांग को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाने और इसे पूरा करवाने के लिए किए गए संघर्ष को लेकर टैक्सी ऑपरेटरों ने उनका आभार जताया।
टैक्सी मैक्सी यूनियन के अध्यक्ष अभि ठाकुर ने परमिट अवधि बढ़ाकर 15 साल किए जाने पर सभी टैक्सी ऑपरेटरों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस मांग को पूरा करवाने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा। अनशन के दौरान टेंट तक उखाड़ दिए गए, लेकिन टैक्सी ऑपरेटरों के हितों की लड़ाई जारी रखी गई। उन्होंने कहा कि परमिट अवधि 12 से बढ़ाकर 15 साल किए जाने का लाभ केवल टैक्सी ऑपरेटरों को ही नहीं मिलेगा, बल्कि इससे जुड़े मेकेनिक और अन्य कारोबारियों को भी राहत मिलेगी। अभि ठाकुर ने कहा कि इस फैसले से टैक्सी ऑपरेटरों ने राहत की सांस ली है। यह जीत उन सभी लोगों के संघर्ष का परिणाम है, जिन्होंने टैक्सी चालकों के हितों के लिए आवाज उठाई। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सरकार टैक्सी ऑपरेटरों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके हित में फैसले लेगी।