तांदी-संसारी सड़क बहाल होने के बाद शुरु हुई वाहनों की आवाजाही।-स्रोत : बीआरओ
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। तिंदी से 12 किमी आगे रोहली और कडूनाला के बीच भूस्खलन के कारण 31 घंटे से बंद तांदी-संसारी सड़क को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। शनिवार दोपहर 1ः00 बजे पहाड़ दरकने से 80 मीटर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे पांगी घाटी का लाहौल और मनाली से संपर्क टूट गया था।
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के जवानों ने लगातार प्रयास कर सोमवार देर शाम सड़क को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया। भूस्खलन के कारण सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े पत्थर आ गिरे थे, जिससे इसे साफ करना आसान नहीं था।
अब पांगी का लाहौल व मनाली से संपर्क जुड़ गया है। पांगी घाटी के लोगों का लाहौल होकर कुल्लू, मनाली की ओर आवाजाही थम गई थी। इस ओर आवाजाही करने वाले यात्री भी सड़क बहाल होने का इंतजार कर रहे थे। हालांकि कई घंटों तक यातायात अवरूद्ध होने से इस सड़क से आवाजाही करने वालों को परेशानियों का सामना भी करना पड़ा। सोमवार देर शाम बीआरओ सड़क को छोटे वाहनों की आवाजाही को खोल दिया। बीआरओ के कनिष्ठ अभियंता रोहित सिंह ने बताया कि भूस्खलन से 80 मीटर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।
अब छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है, लेकिन सड़क को पूरी तरह बहाल करने में अभी और समय लग सकता है।